जमशेदपुर : वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर क्षत्रिय करणी सेना की ओर से शुक्रवार को भव्य शौर्य यात्रा निकाली गई। यात्रा भुइयांडीह पटेलनगर मैदान से प्रारंभ होकर भुइयांडीह चौक तक पहुंची, जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। पूरे मार्ग में “जय महाराणा” के जयघोष से माहौल देशभक्ति और उत्साह से गूंजता रहा।



शौर्य यात्रा से पूर्व चेतक घोड़ों द्वारा आकर्षक करतबों का प्रदर्शन किया गया, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। घोड़ों की प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने भुइयांडीह चौक पहुंचकर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। इस दौरान टुनटुन सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान सेवा शिविर का भी आयोजन किया गया, जहां हजारों लोगों के बीच शरबत, हलुआ एवं लड्डू का वितरण किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में करणी सेना के जिलाध्यक्ष मोहित सिंह, हरि सिंह राजपूत, मनोज सिंह, संजय सिंह, राकेश सिंह, रंजन सिंह, प्रमोद सिंह, हिमांशु सिंह, लवकेश सिंह, निहाल सिंह, आदित्य सिंह, उदय सिंह, मधु सिंह, राजकुमार सिंह, श्रवण सिंह, विकास, शिवम सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
