जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर चार निवासी टाटा मोटर्स कर्मी सुनील कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।



मिली जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय सुनील कुमार शुक्रवार रात नशे की हालत में ड्यूटी से घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने किसी से बातचीत नहीं की और सीधे अपने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। देर रात उनकी पत्नी खाना खाने के लिए बुलाने पहुंची, लेकिन काफी आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। पत्नी ने सोचा कि वह सो गए होंगे।
शनिवार सुबह जब पत्नी दोबारा उन्हें उठाने पहुंची तो काफी आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पड़ोसियों को बुलाया गया। पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे के अंदर सुनील कुमार का शव पंखे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों और आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि सुनील कुमार पहले टाटा मोटर्स में अस्थायी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। इसी वर्ष जनवरी माह में उन्हें स्थायी कर्मचारी बनाया गया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
