जमशेदपुर : शहर में चेन स्नैचरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। महज 18 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन महिलाओं से सोने की चेन छीनने की घटनाओं ने शहरवासियों, खासकर महिलाओं में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लगातार हो रही वारदातों के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

उलीडीह थाना क्षेत्र : मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला बनी निशाना……
शनिवार सुबह उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-1 में मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला आशा रानी सारंगी से एक बदमाश ने सोने की चेन छीन ली। घटना उनके घर के समीप हुई। महिला जब तक कुछ समझ पाती, आरोपी मौके से फरार हो चुका था. महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल उलीडीह थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक युवक पैदल आते हुए महिला के गले से चेन छीनकर भागता दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. पीड़िता के अनुसार छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब ढाई लाख रुपये है।
सोनारी थाना क्षेत्र : बाइक छोड़कर भाग निकले बदमाश…..
इससे पहले शुक्रवार शाम सोनारी थाना क्षेत्र के एरोड्रम स्थित एच रोड पर पैदल जा रही बुजुर्ग महिला अर्चना श्रीवास्तव को बदमाशों ने निशाना बनाया। अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली। हालांकि वारदात के बाद भागने की जल्दबाजी में बदमाश अपनी बाइक घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस बाइक के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
साकची थाना क्षेत्र : जुबिली पार्क गेट नंबर-1 के पास तीसरी वारदात…….
शुक्रवार देर शाम साकची थाना क्षेत्र के जुबिली पार्क गेट नंबर-1 के पास सोनारी निवासी चंदना दास से भी चेन स्नैचरों ने सोने की चेन छीन ली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। साकची थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
लगातार वारदातों से दहशत, पुलिस पर उठ रहे सवाल……
उलीडीह, सोनारी और साकची थाना क्षेत्रों में 18 घंटे के भीतर तीन महिलाओं से चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही घटनाओं से महिलाओं में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की गश्ती व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के दावे इन घटनाओं के सामने कमजोर साबित हो रहे हैं. फिलहाल तीनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस अलग-अलग स्तर पर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, बरामद बाइक और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।