चांडिल : लुपुंगडीह स्थित नारायण प्राइवेट आईटीआई में शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय प्रमोद महाजन की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक डॉ. जटाशंकर पांडे सहित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. जटाशंकर पांडे ने कहा कि प्रमोद महाजन भारतीय राजनीति के दूरदर्शी नेता और कुशल संगठनकर्ता थे। उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता, वक्तृत्व कला और संगठनात्मक कौशल से राष्ट्रीय राजनीति में विशिष्ट पहचान बनाई। केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने संचार, दूरसंचार और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विशेष रूप से देश में मोबाइल और दूरसंचार सेवाओं के विस्तार में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही।
उन्होंने कहा कि प्रमोद महाजन का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके संघर्ष, अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व क्षमता से युवा पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया. इस मौके पर प्राचार्य जयदीप पांडे, शांति राम महतो, भगत लाल तेली, देवाशीष मंडल, शशि प्रकाश महतो, पवन महतो, कृष्ण पद महतो, गौरव महतो, निकिता गोराई, लक्ष्मी महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


