जमशेदपुर। जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की जमशेदपुर महानगर इकाई ने शुक्रवार को प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने पेयजल, शौचालयों की साफ-सफाई, खराब पंखे व लाइट की मरम्मत, पुस्तकालय के आधुनिकीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, छात्राओं के लिए कॉमन रूम और आधुनिक प्रयोगशाला जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
महानगर मंत्री अभिषेक कुमार ने कहा कि कॉलेजों में छात्रों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशानी हो रही है। विद्यार्थी परिषद अन्य कॉलेजों में भी ज्ञापन देकर समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराएगी। उन्होंने कहा कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कोल्हान विश्वविद्यालय का घेराव भी किया जाएगा।
कॉलेज अध्यक्ष हर्षित आनंद ने बताया कि सुविधाओं की कमी से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। परिषद ने कॉलेज में 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य करने की भी मांग की। ABVP ने चेतावनी दी कि छात्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।


