जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी (डबल डाउन) क्लब के बाहर बीते शनिवार देर रात हुए खूनी बवाल में गंभीर रूप से घायल हुए हिमांशु सिंह की सोमवार को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से ही हिमांशु की हालत नाजुक बनी हुई थी और चिकित्सकों की टीम लगातार उसे बचाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन अंततः उसने दम तोड़ दिया।

शनिवार देर रात क्लब के बाहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया था। इस दौरान चाकूबाजी और मारपीट की घटना में हिमांशु सिंह समेत अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सभी घायलों को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां हिमांशु की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई थी. हिमांशु सिंह की मौत की खबर सामने आते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में भी शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना को लेकर लोगों में अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
इधर, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हिमांशु सिंह की मौत के बाद यह मामला अब और भी गंभीर हो गया है तथा पुलिस आगे की कार्रवाई हत्या की धाराओं के तहत करने की तैयारी में जुटी है।

