जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के हुडको स्थित बंद पड़े टाटा मोटर्स क्वार्टर्स में बुधवार रात जन्मदिन मनाने के दौरान टाइगर मोबाइल के जवानों और एक युवक के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट की घटना सामने आई, जिसमें एक जवान के सिर में चोट लगने की बात कही जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने आदित्य नामक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, आदित्य अपना 18वां जन्मदिन मनाने के लिए एक युवती के साथ हुडको स्थित बंद पड़े क्वार्टर्स में पहुंचा था। इसी दौरान टाइगर मोबाइल के जवान सुजीत कुमार और चुन्नू राम सोरेन इलाके में गश्त करते हुए वहां पहुंचे।

जवानों ने युवक और युवती से पूछताछ शुरू की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई. बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के दौरान आदित्य ने क्वार्टर्स में पड़े पत्थर से जवान सुजीत कुमार के सिर पर वार कर दिया। हमले में जवान के सिर में चोट आई। वहीं, दूसरे जवान चुन्नू राम सोरेन के साथ भी हाथापाई किए जाने का आरोप है। उनके सिर में दांत से काटने की बात भी सामने आई है. घटना की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आदित्य को हिरासत में लेकर थाने ले गई। घायल दोनों जवानों का प्राथमिक उपचार कराया गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और दोनों पक्षों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
