जमशेदपुर: शहीद ऊधम सिंह के बलिदान दिवस के अवसर पर सेंट्रल सिख नौजवान सभा द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में समाज सेवा और जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर आयोजित नशा मुक्ति विषयक निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही मानवता की सेवा के लिए निरंतर स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले रक्तवीरों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और राष्ट्र व समाज के निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा यदि नशामुक्त जीवन अपनाकर समाजहित में कार्य करें, तो यही शहीद ऊधम सिंह के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि होगी. कार्यक्रम में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार भगवान सिंह, सेंट्रल सिख नौजवान सभा के प्रधान अमरीक सिंह, इंदरजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं युवा उपस्थित रहे। समारोह में शहीद ऊधम सिंह के राष्ट्रभक्ति और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया गया।
