जमशेदपुर : बिरसानगर निवासी एवं Tata Motors कर्मी सुनील कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर आजसू नेता अप्पू तिवारी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यह घटना कई गंभीर सवाल खड़े करती है।



अप्पू तिवारी ने कहा कि वर्षों तक अस्थायी मजदूर के रूप में कार्य करने वाला व्यक्ति जब स्थायी नौकरी मिलने के बाद आत्महत्या जैसा कदम उठाता है, तो इसे सामान्य घटना नहीं माना जा सकता। उन्होंने आशंका जताई कि कर्मी पर मानसिक दबाव, यूनियन की प्रताड़ना अथवा प्रबंधन स्तर से किसी प्रकार का दबाव हो सकता है, जिसकी गहन जांच आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत मजदूरों की मानसिक स्थिति, कार्यस्थल का वातावरण और उन पर पड़ने वाले दबाव की भी समीक्षा होनी चाहिए। यदि जांच में किसी प्रकार की प्रताड़ना, शोषण या दबाव की बात सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
अप्पू तिवारी ने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि मृतक के परिजनों को न्याय मिलना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आजसू पार्टी हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
