जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास शनिवार को अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने पहले तीन व्यक्तियों को घेरकर उनके साथ मारपीट की और इसके बाद फायरिंग कर दी। घटना में तीनों लोग गोली लगने से घायल हो गए। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों की पहचान सोनारी निवासी के रूप में बताई जा रही है। घायलों में डोमिनिक सैमसन भी शामिल हैं। उन्हें JMM नेता और जमीन कारोबारी के रूप में बताया जा रहा है। घटना के बाद तीनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घेरकर मारपीट के बाद फायरिंग, मचा हड़कंप……
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बाद तीनों को घेर लिया गया। पहले उनके साथ मारपीट की गई और देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि, घटना की पूरी तस्वीर पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सूचना मिलते ही पहुंची सोनारी पुलिस……
फायरिंग की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मॉल परिसर समेत आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
किस बात को लेकर हुई फायरिंग? पुलिस जांच में जुटी……
फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हमलावरों की पहचान, घटना के कारण और पूरे विवाद की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. मरीन ड्राइव जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती हमलावरों तक पहुंचने और फायरिंग की वजह का खुलासा करने की है।
