बैंक, पेट्रोल पंप, ज्वेलरी शॉप संचालकों व शांति समिति के सदस्यों ने लिया हिस्सा, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने की अपील
जमशेदपुर : आजादनगर थाना की ओर से शुक्रवार शाम मानगो के चेपापुल स्थित होटल महल इन में क्षेत्र की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंक, पेट्रोल पंप, ज्वेलरी शॉप संचालकों के अलावा चैंबर प्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य शामिल हुए।

बैठक में खास तौर पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को लेकर चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने तथा किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर बिना देर किए पुलिस को सूचना देने की अपील की।
इस मौके पर आजादनगर थाना प्रभारी राजन कुमार ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर पुलिस हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय से अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने आम लोगों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल साझा करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन मानगो नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर मुख्तार आलम खान ने किया। बैठक में मोहम्मद मोइनुद्दीन अंसारी, सोहेल अख्तर अंसारी, अपूर्व पाल, ताहिर हुसैन, एमडी असफाकुल्लाह, फरजाना शफी, अभिनव कुमार सिन्हा, वार्ड सदस्य इरशाद अंसारी, जुबैर आलम, आफताब आलम, सुरेंद्र शर्मा, बबलू नौशाद, एमडी अशफाक आलम और फरहत सहित अन्य लोग मौजूद रहे. अंत में आजादनगर थाना के एसआई मनीष रॉय ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
