घाटशिला : थाना क्षेत्र के प्रेमनगर फुटबॉल मैदान में शुक्रवार की शाम आपसी विवाद के दौरान एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया। घटना में प्रेमनगर निवासी रमेश दास (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बाबूलाल टुडू (25) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 की शाम करीब 3 बजे प्रेमनगर ऊपर पावड़ा निवासी बाबूलाल टुडू, पिता रावण टुडू, का प्रेमनगर निवासी रमेश दास, पिता दुलाल दास, के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि बाबूलाल ने शराब की टूटी हुई बोतल से रमेश की पीठ पर वार कर दिया। हमले में रमेश गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घायल रमेश दास को तत्काल घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया. घटना के संबंध में घाटशिला थाना में कांड संख्या 57/2026, दिनांक 25.09.2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 109/118(2) के तहत मामला दर्ज करते हुए प्राथमिक अभियुक्त बाबूलाल टुडू को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
