जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कुमारगोड़ा में सोमवार को मवेशियों से भरी एक पिकअप वैन पकड़े जाने के बाद इलाके में जमकर हंगामा हुआ। स्थानीय लोगों ने वाहन को रोककर उसमें बड़ी संख्या में गोवंशीय मवेशियों को बंधा हुआ पाया, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वैन संदिग्ध परिस्थिति में इलाके से गुजर रही थी। इसी दौरान लोगों की नजर वाहन पर पड़ी और उसे रोक लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें कई गायों को ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था। यह देखते ही लोगों का आक्रोश भड़क उठा और हंगामा शुरू हो गया. आक्रोशित लोगों ने वाहन चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से चालक को छुड़ाकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
इधर, घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत से गोवंशीय मवेशियों की तस्करी की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. पुलिस ने पिकअप वैन को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
