जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के मिश्रा बगान में हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, खोखा और मोबाइल फोन बरामद किया है।



पुलिस के मुताबिक, करीब एक वर्ष पूर्व संदीप पांडेय द्वारा पुच्चू उर्फ रितेश कुमार सिंह के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें उसका हाथ-पैर टूट गया था। इसी घटना का बदला लेने की नीयत से 8 मई 2026 की रात मिश्रा बगान इलाके में फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में टेल्को थाना कांड संख्या 68/26 दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर 9 और 10 मई की रात बिरसा मुंडा जैम्को से सलगाजोरी फाटक जाने वाली कच्ची सड़क किनारे स्थित एक झोपड़ी में छापेमारी कर पुलिस ने सोनू झा और रितेश कुमार सिंह उर्फ फुचू को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 7.65 बोर का एक देशी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में सोनू झा ने पुलिस को बताया कि वह सहरसा टाउन इलाके से अवैध हथियार खरीदकर लाता था और उसकी बिक्री भी करता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि पूर्व में उसने एक हथियार कदमा निवासी मनोज कुमार को बेचा था, जो हत्या जैसे गंभीर मामलों में आरोपी रह चुका है।
पुलिस ने बताया कि सोनू झा पूर्व में बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के हत्या कांड में जेल जा चुका है। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. छापेमारी दल में सिटी डीएसपी सुनील कुमार चौधरी, टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद समेत कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।
