जमशेदपुर : शहर में सक्रिय छिनतई गिरोह लगातार पुलिस को खुली चुनौती दे रहा है। हालात यह हैं कि वारदात के बाद पुलिस केवल सीसीटीवी फुटेज खंगालने तक सीमित नजर आ रही है। पिछले 24 घंटे के भीतर बदमाशों ने तीन महिलाओं के गले से लाखों रुपये मूल्य की सोने की चेन छीनकर दहशत फैला दी है।



ताजा मामला मंगलवार शाम सिदगोड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां पूर्व मुख्यमंत्री के आवास से महज 50 मीटर की दूरी पर टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मी मनीष कुमार झा की मां गोदावरी देवी से बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली। हैरत की बात यह रही कि अपराधियों ने क्वार्टर परिसर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और आसानी से फरार हो गये।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बदमाश क्वार्टर परिसर में घुसा, जबकि उसका साथी मोटरसाइकिल स्टार्ट कर बाहर खड़ा था। जैसे ही गोदावरी देवी अपनी भतीजी के साथ बाजार से लौट रही थीं, बदमाश ने धक्का देकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली और साथी के साथ फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एग्रिको गोलचक्कर से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री आवास के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। हालांकि देर रात तक पुलिस को बदमाशों की स्पष्ट तस्वीर नहीं मिल सकी थी।
पीड़िता के बेटे अमित झा ने बताया कि उनकी मां के गले से छीनी गयी सोने की चेन की कीमत करीब 1.25 लाख रुपये है। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं से शहरवासियों में भय व्याप्त है। लोगों का कहना है कि अपराधी बेखौफ होकर रिहायशी इलाकों तक में वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस अब भी अपराधियों तक पहुंचने में नाकाम साबित हो रही है।



