जमशेदपुर : शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल की किल्लत ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार को शहर और पटमदा क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म हो गया, जबकि कई पंपों पर सीमित मात्रा में ही ईंधन उपलब्ध कराया गया। स्थिति ऐसी रही कि वाहन चालकों को दिनभर एक पंप से दूसरे पंप तक भटकना पड़ा। ईंधन संकट के बीच शहरवासियों, ग्रामीणों और होटल व्यवसायियों के बीच तेल कंपनियों द्वारा कीमतों में संभावित बढ़ोतरी की चर्चा भी होती रही। साकची स्थित चौपाटीएसएल के एक पेट्रोल पंप समेत दो पंप मंगलवार दोपहर बाद बंद रहे, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।



एपीएसएल के एक पेट्रोल पंप के प्रबंधक ने बताया कि सामान्य दिनों की तुलना में मंगलवार सुबह ही पेट्रोल और डीजल का स्टॉक समाप्त हो गया। उन्होंने कहा कि कई वाहन चालक सिदगोड़ा समेत अन्य इलाकों के पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं मिलने के बाद उनके पंप तक पहुंचे थे। मानगो स्थित एक पेट्रोल पंप के प्रबंधक के अनुसार, पिछले 12 दिनों में करीब डेढ़ दिन तक पंप पूरी तरह ड्राई रहा। वहीं, एक अन्य पंप संचालक ने बताया कि पेट्रोल की तुलना में डीजल की मांग अधिक बढ़ गई है।
मानगो-डिमना रोड स्थित दो पेट्रोल पंपों में से एक पर मंगलवार दोपहर बाद पेट्रोल समाप्त हो गया। वहां के प्रबंधक विप्लव ने बताया कि डीजल की कमी को देखते हुए पहले से ही वाहनों को अधिकतम 250 लीटर तक ही डीजल दिया जा रहा था। वहीं पेट्रोल की बिक्री भी प्रति वाहन अधिकतम तीन हजार रुपये तक सीमित कर दी गई है। ईंधन संकट के कारण शहर में परिवहन व्यवस्था पर भी असर देखने को मिला। कई वाहन चालक लंबी कतारों में घंटों इंतजार करते नजर आए, जबकि कुछ लोग वैकल्पिक पंपों की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे।



