जमशेदपुर (एग्रिको) : शहर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत एग्रिको इलाके में सोमवार को हुई दिल दहला देने वाली घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मी रविंद्र सिंह ने मामूली पारिवारिक चिंताओं और मानसिक तनाव के चलते अपनी ही पत्नी, बेटे और गर्भवती बेटी की हथौड़े से वार कर निर्मम हत्या कर दी।



वारदात की भयावहता : पत्नी पर किए सबसे ज्यादा हमले
पुलिस की प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी ने अपनी पत्नी सरिता सिंह पर सबसे अधिक क्रूरता दिखाई। रसोई में काम करने के दौरान उन पर हथौड़े से तीन घातक वार किए गए। इसके बाद आरोपी ने अपने बेटे रविशेक पर दो बार और अपनी गर्भवती बेटी सुप्रिया के सिर पर एक ज़ोरदार प्रहार किया। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बेटे को देख फूट-फूट कर रोया पिता
मंगलवार को जब बड़ा बेटा अभिषेक रायपुर से सिदगोड़ा थाने पहुँचा, तो अपने पिता को देख बिलख पड़ा। पिता रविंद्र सिंह भी उसे देखते ही रोने लगे और बार-बार उसे वहां से चले जाने को कहा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि:
“रिटायरमेंट के बाद घर की आर्थिक स्थिति, नए मकान का निर्माण और छोटे बेटे की शादी को लेकर मैं लंबे समय से तनाव में था। सोमवार सुबह अचानक मेरा मानसिक संतुलन बिगड़ गया और मैंने यह कदम उठा लिया।”
बर्निंग घाट पर दिखा गम और आक्रोश का मंजर
मंगलवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कर भुइयांडीह बर्निंग घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घाट पर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब आरोपी के बड़े बेटे और बड़ी बेटी के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक और हंगामा शुरू हो गया।
पुलिसिया कार्रवाई
सिदगोड़ा पुलिस ने आरोपी रविंद्र सिंह के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने खुद आत्महत्या का प्रयास किया था और विफल रहने पर स्वयं पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। फिलहाल आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


