जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के व्यस्त बाजार इलाके में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अपराधियों ने भीड़भाड़ वाले कारोबारी क्षेत्र में स्थित एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में घुसकर गोली चला दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सिटी एसपी ललित मीणा भी घटनास्थल पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली।



जानकारी के अनुसार, जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय के पीछे स्थित दिनेश कुमार केडिया की रेडीमेड कपड़ों की दुकान “यूनीक कलेक्शन” में शुक्रवार दोपहर अचानक एक मारून रंग की चारपहिया वाहन से पहुंचे कुछ अपराधी दाखिल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश सीधे दुकान के अंदर पहुंचे और कारोबारी के सिर के बेहद करीब गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग से दुकान में मौजूद लोग दहशत में आ गए। हालांकि कारोबारी समय रहते नीचे झुक गए, जिससे उनकी जान बच गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत दुकान से बाहर निकले और कार से फरार हो गए। फायरिंग की इस घटना में कारोबारी बाल-बाल बच गए। घटना के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस रंगदारी को लेकर फायरिंग किए जाने की आशंका जता रही है।
घटना के बाद पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है। दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि अपराधी मारून रंग की कार से आए थे और एक राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। उन्होंने कहा कि मामले में रंगदारी के एंगल पर जांच की जा रही है। पुलिस ने अपराधियों की पहचान कर ली है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।


