रांची : राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में शनिवार को एमबीबीएस के एक छात्र की जीवन लीला समाप्त हो गई। छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में मिलने से संस्थान परिसर में शोक का माहौल है। मृतक छात्र की पहचान अक्षित कुजूर के रूप में हुई है, जो एमबीबीएस सेकंड ईयर का छात्र था। वह हॉस्टल नंबर-8 के एचआईजी ब्लॉक में रहता था और मूल रूप से सिमडेगा का निवासी बताया गया है।



जानकारी के अनुसार, काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर अन्य छात्रों और हॉस्टल प्रबंधन को संदेह हुआ। इसके बाद दरवाजा तोड़कर छात्र को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं रिम्स के निदेशक डॉ राजकुमार ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि छात्र हाल के दिनों में मानसिक तनाव में था। उन्होंने बताया कि छात्रों के लिए जल्द ही मोटिवेशनल क्लास शुरू की जाएगी।



