जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हुरलुंग पुल के समीप मंगलवार सुबह एक चलती हाईवा में अचानक आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। आग वाहन संख्या JH02AX 2778 में लगी, जो बहरागोड़ा से जमशेदपुर की ओर आ रहा था।



जानकारी के अनुसार हुरलुंग पुल के पास पहुंचते ही हाईवा से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते वाहन में आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति को भांपते हुए चालक दिलीप गोप ने तुरंत वाहन सड़क किनारे रोक दिया और बाहर निकल गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। चालक ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि हाईवा वाहन को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय पुलिस को भी मामले की सूचना दे दी गई है।



