जमशेदपुर : चर्चित लोको पायलट जीके गौतम हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता के बेटे समेत एक शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है। पुलिस अब हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश में जुटी हुई है।



जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मुख्य आरोपी राजकिशोर सिंह के बेटे अविनाश सिंह को बिहार के गया से गिरफ्तार किया है। वहीं, हत्या में शामिल एक शूटर को खड़गडिया से पकड़ा गया। दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं और मामले में आगे भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
12 लाख रुपये की सुपारी देकर कराई गई हत्या…..
सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन विवाद को लेकर लोको पायलट जीके गौतम की हत्या की साजिश रची गई थी। हत्या को अंजाम देने के लिए शूटरों को करीब 12 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।
घाघीडीह जेल के पीछे झाड़ियों में छिपाई गई थी बाइक….
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि हत्या के बाद आरोपी घटना में इस्तेमाल बाइक को घाघीडीह जेल के पीछे झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गए थे। पुलिस ने छापेमारी कर बाइक बरामद कर ली है। अब हत्या में इस्तेमाल पिस्टल की तलाश तेज कर दी गई है।
26 अप्रैल की रात टाटानगर स्टेशन के पास हुई थी हत्या….
गौरतलब है कि 26 अप्रैल की रात ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे लोको पायलट जीके गौतम की टाटानगर स्टेशन के समीप गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। मामले में मृतक की पत्नी ने बागबेड़ा थाना में कई लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही हत्या में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



