जमशेदपुर : चर्चित गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में अब जमशेदपुर कनेक्शन सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है। मामले की जांच कर रही देहरादून पुलिस ने फरार आरोपी आकाश प्रसाद के जमशेदपुर स्थित आवास पर कोर्ट के आदेश पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। पुलिस ने घर से कई सामान जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है।



जांच में खुलासा हुआ है कि हत्याकांड में शामिल शूटरों को हरिद्वार में बाइक और स्कूटी आकाश प्रसाद की आईडी पर उपलब्ध कराई गई थी। इतना ही नहीं, शूटरों के ठहरने के लिए होटल में कमरा बुक कराने में भी उसके पहचान पत्र का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पूरी मूवमेंट को मैनेज करने में आकाश प्रसाद की अहम भूमिका रही है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण CCTV फुटेज भी हाथ लगे हैं। इन फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, जल्द ही इस मामले में कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
देहरादून पुलिस अब जमशेदपुर के बागबेड़ा, जुगसलाई, मानगो और उलियान क्षेत्रों में भी संदिग्धों पर कार्रवाई की तैयारी में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ आरोपियों के खिलाफ कुर्की-जब्ती वारंट भी जारी किए जा चुके हैं।
गौरतलब है कि 13 फरवरी 2026 को देहरादून के राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के बाहर जिम से निकलते ही विक्रम शर्मा पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। हमले में मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। विक्रम शर्मा उत्तराखंड में बड़े स्तर पर माइनिंग कारोबार से जुड़ा बताया जाता है। इस हाईप्रोफाइल हत्याकांड के बाद से उत्तराखंड STF लगातार एक्शन मोड में है।
मामले के मुख्य साजिशकर्ता यशराज सिंह समेत कई आरोपियों को STF पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई भी तेज कर दी गई है।



