नई दिल्ली : नई दिल्ली स्थित Le Méridien New Delhi में सोमवार को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन का राष्ट्रीय अधिवेशन भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उनके साथ राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, कोषाध्यक्ष नत्थू राम जैन, बिनोद अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों का भी शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।



गौरतलब है कि वर्ष 1975 में स्थापित अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन देशभर में अग्रवाल समाज का एक प्रमुख सामाजिक संगठन है। पूर्व में कृष्ण मोदी, बनारसी दास गुप्ता, प्रदीप मित्तल और सुरेंद्र गुप्ता जैसे वरिष्ठ समाजसेवी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। हाल ही में संपन्न चुनाव में बसंत मित्तल ने निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग को पराजित कर जीत दर्ज की थी।
राष्ट्रीय अधिवेशन एवं शपथ ग्रहण समारोह में देशभर से समाज के प्रतिष्ठित उद्योगपति, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समारोह का शुभारंभ जगद्गुरुत्तर आचार्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी बालकानंद गिरि जी महाराज के पावन सान्निध्य में हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ओम बिरला ने कहा कि समाज की एकजुटता, सेवा भावना और राष्ट्रहित के कार्य ही मजबूत भारत के निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल एवं उनकी टीम को बधाई देते हुए संगठन को सामाजिक सरोकारों के साथ सनातन और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, हरियाणा सरकार के मंत्री विपुल गोयल एवं अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय चेयरमैन डॉ. एस. एस. अग्रवाल विशेष रूप से मौजूद रहे। आयोजन में विभिन्न राज्यों से पहुंचे अग्रवाल समाज के विधायक, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
जमशेदपुर से भी शामिल हुए प्रतिनिधि……
राष्ट्रीय अधिवेशन में जमशेदपुर से भी अग्रवाल समाज के कई प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप मुरारका, जिलाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, महासचिव मंटू अग्रवाल, संरक्षक ओम प्रकाश रिंगसिया, युवा सम्मेलन के पूर्व महासचिव सन्नी संघी एवं सलाहकार दीपक पारीक प्रमुख रूप से शामिल रहे।
बताया गया कि देशभर में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के तीन लाख से अधिक सदस्य हैं और संगठन सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।



