जमशेदपुर : शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एग्रिको रोड नंबर-2 रविवार देर रात उस वक्त खून से लाल हो गया, जब एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है। आरोप है कि टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी रविंद्र सिंह ने अपनी पत्नी, बेटे और शादीशुदा गर्भवती बेटी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।



घटना एग्रिको स्थित क्वार्टर संख्या L5-13 की है, जहां सोमवार अहले सुबह तीन शव मिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतकों की पहचान सरिता सिंह (55), सुप्रिया सिंह (31) और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुप्रिया सिंह शादीशुदा थी और करीब तीन माह की गर्भवती भी थी।
भोर 4 बजे बहा खून, कमरे में फैला था मौत का मंजर……
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना को तड़के करीब 4 बजे अंजाम दिया गया। जब सिदगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे में खून बह रहा था और पूरा घर खौफनाक मंजर में तब्दील हो चुका था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी रविंद्र सिंह मौके पर ही मौजूद मिला।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने पूरे क्वार्टर को सील कर दिया और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारी पूरे मामले की बारीकी से जांच में जुटे हैं।
हत्या के बाद खुद आरोपी ने पुलिस को किया फोन…..
जानकारी के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रविंद्र सिंह ने खुद ही पुलिस को फोन कर हत्या की सूचना दी। इसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
रविंद्र सिंह के रिश्तेदारों ने बताया कि रविवार रात तक परिवार में सबकुछ सामान्य था। सभी से बातचीत हुई थी और किसी तरह के विवाद की कोई जानकारी नहीं थी। ऐसे में अचानक हुई इस दिल दहला देने वाली घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
एक महीने पहले ही हुआ था रिटायर……
बताया जा रहा है कि रविंद्र सिंह एक माह पूर्व ही टाटा स्टील से रिटायर्ड हुए थे। फिलहाल पुलिस पारिवारिक तनाव, मानसिक स्थिति और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। इस ट्रिपल मर्डर ने पूरे जमशेदपुर में सनसनी फैला दी है।



