रांची । JPSC और JSSC की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक व अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को छात्रों का आंदोलन तेज हो गया। विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के छह गोले भी छोड़े। इस दौरान एक छात्र के घायल होने की सूचना है।

सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र आंदोलन स्थल पर जुटे थे। विधानसभा की ओर बढ़ने के लिए प्रदर्शनकारियों ने कई स्तर की बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास किया। पुलिस और प्रशासन की ओर से उन्हें रोकने के लिए लगातार प्रयास किए गए। वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
छात्र JPSC-JSSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक के आरोप और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच बातचीत के बावजूद कई मांगों पर सहमति नहीं बनने के बाद छात्रों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया था।
जयराम महतो ने की शांतिपूर्ण आंदोलन की अपील
डुमरी विधायक जयराम महतो भी आंदोलन स्थल पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की। साथ ही JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों के साथ संघर्ष जारी रखने की बात कही। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित रखने तथा छात्रों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोकने का प्रयास जारी है।
