जमशेदपुर : झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन को अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, पूर्वी सिंहभूम ने समर्थन दिया है। संगठन के जिला सचिव एवं जेपीएससी-जेएसएससी के अभ्यर्थी शंभू जायसवाल ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में जेपीएससी एवं जेएसएससी की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को नुकसान उठाना पड़ा है।

उन्होंने कहा कि नियुक्ति प्रक्रियाओं में देरी और विवाद के कारण कई अभ्यर्थियों की निर्धारित आयु सीमा समाप्त हो गई। ऐसे अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार को विशेष राहत देते हुए आयु सीमा में उचित छूट देने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए. शंभू जायसवाल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया में लंबे समय तक चली अनिश्चितता से लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं। उन्होंने सरकार से छात्र हित में ठोस और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि रोजगार से जुड़े मामलों में छात्रों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने झारखंड उच्च न्यायालय से भी छात्र हित एवं नियुक्ति प्रक्रियाओं से जुड़े मामलों का यथाशीघ्र संज्ञान लेने का आग्रह किया. अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, पूर्वी सिंहभूम ने कहा कि छात्रों के भविष्य और रोजगार के अधिकार से जुड़े मुद्दों का समाधान संवाद एवं संवैधानिक व्यवस्था के माध्यम से किया जाना चाहिए।
