रांची : JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में विधानसभा घेराव कर रहे छात्रों का आंदोलन सोमवार को और उग्र हो गया। प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र बैरिकेडिंग में लगी रस्सियों को काटने के लिए ब्लेड लेकर पहुंचे और रस्सियां काटकर अवरोध हटाने का प्रयास किया। छात्रों के बैरिकेडिंग हटाकर विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश से मौके पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस लगातार छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास करती रही, जबकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर विधानसभा की ओर बढ़ने पर अड़े रहे।

इसी बीच JLKM के डुमरी विधायक जयराम महतो भी विधानसभा के बाहर आंदोलनकारी छात्रों के बीच पहुंचे। उन्होंने छात्रों के साथ धरने पर बैठकर उनके आंदोलन के प्रति समर्थन जताया। जयराम महतो के छात्रों के बीच बैठने से प्रदर्शनकारियों का उत्साह बढ़ा। विधानसभा के बाहर छात्रों का आंदोलन जारी है और मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
