जमशेदपुर : रांची में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया है। बंद को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जमशेदपुर शहर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमवार की मध्यरात्रि 12 बजे से अगले आदेश तक निषेधाज्ञा (बीएनएसएस की धारा 163) लागू कर दी गयी है. निषेधाज्ञा के तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर एकत्र होने, बिना अनुमति जुलूस निकालने, धरना-प्रदर्शन और जनसभा आयोजित करने पर रोक रहेगी। बंद के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। सोमवार देर रात दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का आदेश भी जारी कर दिया गया।

49 संवेदनशील स्थानों पर 630 जवान और 73 मजिस्ट्रेट तैनात…..
जिले के 49 संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है। इन स्थानों पर 630 लाठी बल, 73 दंडाधिकारी और 20 पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे। सभी पदाधिकारियों और जवानों को मंगलवार सुबह छह बजे से ही अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर मोर्चा संभालने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बंद के दौरान आम लोगों और विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। कानून हाथ में लेने या उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
आपातकालीन सेवाएं बंद से मुक्त……
जिला प्रशासन के अनुसार अस्पताल, एंबुलेंस समेत आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति में इन सेवाओं के संचालन में बाधा नहीं आने दी जायेगी।
स्कूल बंद करने का कोई आधिकारिक आदेश नहीं…..
बंद को लेकर शहर में स्कूलों के बंद रहने की चर्चा के बीच जिला प्रशासन की ओर से फिलहाल स्कूलों को बंद रखने संबंधी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। ऐसे में स्कूलों के संचालन को लेकर अभिभावकों और विद्यार्थियों को प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों पर ही भरोसा करने की अपील की गयी है।
बस और ऑटो परिचालन पर स्थिति देखकर फैसला…..
बंद के दौरान सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। बस मालिकों और ऑटो चालकों ने सुबह की स्थिति का जायजा लेने के बाद वाहनों के परिचालन का निर्णय लेने की बात कही है। प्रशासन की ओर से भी परिवहन व्यवस्था पर नजर रखी जायेगी।
रेलवे स्टेशनों पर भी बढ़ायी गयी सतर्कता…..
बंद को देखते हुए दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी स्टेशनों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देर रात जारी किया गया है। रेलवे प्रशासन को किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें।
