रांची : झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने राज्य सरकार से छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनने की अपील की है। राहुल गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग को गलत बताया. राहुल गांधी ने कहा कि झारखंड में विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। छात्रों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत के माध्यम से ही निकाला जा सकता है।

बातचीत से समाधान निकालने की अपील……
राहुल गांधी ने झारखंड सरकार से छात्रों के साथ संवाद करने और उनकी समस्याओं को सुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की दिशा में गंभीर प्रयास करना चाहिए. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों की आवाज को सुना जाना जरूरी है। बातचीत और संवाद के जरिए ही विवाद का शांतिपूर्ण समाधान संभव है।
