जमशेदपुर। स्वाधीनता संग्राम के क्रांतिकारियों के सम्मान में सामाजिक संस्था ‘कोशिश एक मुस्कान’ की ओर से समाजसेवी शिव शंकर सिंह के नेतृत्व में स्थानीय सोन मंडप में महारक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 1203 लोगों ने रक्तदान किया। आयोजकों ने इसे शहर के लिए ऐतिहासिक रक्तदान शिविर बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि प्रख्यात हनुमान कथा वाचक पूज्य प्रदीप भईया जी महाराज समेत विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक, औद्योगिक और पत्रकारिता जगत से जुड़े गणमान्य लोगों ने शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया।
विशिष्ट अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, आरएसएस के विभाग संघचालक इंदर अग्रवाल, मानगो की मेयर सुधा गुप्ता, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, अमरप्रीत सिंह काले सहित बड़ी संख्या में अतिथि मौजूद रहे।
इस अवसर पर शिव शंकर सिंह ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं और उपस्थित लोगों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि प्रदीप भईया जी महाराज ने कहा कि जहां कुछ लोग जमीन के लिए एक-दूसरे का रक्त बहाने को तैयार हैं, वहीं शिव शंकर सिंह महारक्तदान जैसे आयोजन के माध्यम से लोगों को जोड़ने और समाजसेवा का संदेश देने का कार्य कर रहे हैं।
सरयू राय और मंगल कालिंदी ने भी ‘कोशिश एक मुस्कान’ के इस प्रयास की सराहना की। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी रक्तदान किया, जिसकी अतिथियों ने विशेष रूप से प्रशंसा की।
शिविर को सफल बनाने में कोशिश एक मुस्कान, क्रीड़ा भारती, ग्रीन कैप्स, एग्रिको एफसी, जन कल्याण समिति, बागुनहातु, श्यामा काली मंदिर बिरसानगर, बागुनहातु मॉर्निंग वॉकर ग्रुप, नेपाली सेवा समिति, कालिंदी समाज, हो समाज, सिख समाज, तुरी समाज, वरिष्ठ नागरिक भवन लक्ष्मीनगर, पूर्व सैनिक सेवा परिषद और बस्ती विकास समिति लक्ष्मीनगर समेत विभिन्न संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थात्मक सहयोग किया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, चिकित्सक, मजदूर नेता एवं संगठन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। 1203 रक्तदाताओं की भागीदारी ने शिविर को शहर में बड़े सामाजिक सेवा आयोजनों में शामिल कर दिया।
