जमशेदपुर ( लोकतंत्र सवेरा ): शहर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जमशेदपुर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। ओलीडीह ओ.पी. क्षेत्र के लक्ष्मण नगर छठ घाट के पास से पुलिस ने एक शातिर अपराधी को अवैध देशी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान डिमना रोड (सुभाष कॉलोनी) निवासी विश्वजीत सिंह उर्फ रौकी (33 वर्ष) के रूप में हुई है।



गुप्त सूचना पर रात में हुई घेराबंदी
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को बुधवार की मध्य रात्रि गुप्त सूचना मिली थी कि लक्ष्मण नगर छठ घाट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार लहराते हुए किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (City SP) के निर्देश पर पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे छठ घाट इलाके की घेराबंदी की और आरोपी को हथियार समेत दबोच लिया।
बक्सर से ₹30,000 में खरीदा था हथियार, व्यापारियों पर थी नजर
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी विश्वजीत उर्फ रौकी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने कुबूल किया कि वह यह देशी पिस्तौल बिहार के बक्सर से 30 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। उसका मकसद इलाके के व्यापारियों और व्यवसायियों को डरा-धमकाकर उनसे मोटी रंगदारी वसूलना था, ताकि वह क्षेत्र में अपना वर्चस्व कायम कर सके।
पहले से दर्ज हैं कई संगीन मामले
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी विश्वजीत का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। इससे पहले भी उसके खिलाफ एमजीएम थाने में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत दो गंभीर मामले (कांड संख्या 56/25 और 54/25) दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने उसके खिलाफ ओलीडीह ओ.पी. में कांड संख्या 117/26 दर्ज कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कार्रवाई में शामिल रही यह टीम
इस सफल छापेमारी में मुख्य रूप से पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर, ओलीडीह ओ.पी. प्रभारी मो० शारीक अली, पुलिस अवर निरीक्षक विजय कुमार, अभिषेक कुमार, सहायक अवर निरीक्षक नरेन्द्र कुमार राय और ओलीडीह ओ.पी. के सशस्त्र बल शामिल थे।



