51.81 ग्राम ब्राउन शुगर व मोबाइल बरामद, बाजार मूल्य करीब 1.37 लाख रुपये; महिला सह-अभियुक्त समेत अन्य की तलाश में छापेमारी जारी
जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 275 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बर्मामाइंस मुस्लिम बस्ती, कैरेज कॉलोनी निवासी मो. शाहिद (32) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से कुल 51.81 ग्राम ब्राउन शुगर तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है।

मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिदगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि सोमवार रात थाना क्षेत्र के लिट्टी चौक के समीप विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया था। इस दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के जुटने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान मो. शाहिद को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए. पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए ब्राउन शुगर की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 लाख 37 हजार 500 रुपये है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से ब्राउन शुगर लाकर बर्मामाइंस की एक महिला सह-अभियुक्त के साथ मिलकर शहर के विभिन्न इलाकों में घूम-घूमकर इसकी बिक्री करता था. पुलिस ने मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

