पश्चिमी सिंहभूम : पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदापी डाउन के पास मंगलवार को भीषण सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के शिकार सभी लोग छत्तीसगढ़ से टाटानगर आ रहे थे. मिली जानकारी के अनुसार, परिवार कार से टाटानगर की ओर आ रहा था। इसी दौरान कुदापी डाउन के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. फिलहाल मृतकों और घायलों की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
