जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुए बैंक लूटकांड की जांच और आगामी दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार, 13 अक्टूबर को एसएसपी कार्यालय के सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा की मौजूदगी में हुई बैठक में पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, नगर एवं ग्रामीण एसपी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक में बैंक लूटकांड में अब तक हुई कार्रवाई, अनुसंधान की प्रगति और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जांच के बिंदुओं पर चर्चा करते हुए आगे की कार्रवाई की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

वहीं, दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया। डीआईजी ने संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ाने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए. बैठक में स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान आम लोगों की सुरक्षा, शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
