अमरावती : परतवाड़ा क्षेत्र में सामने आए बहुचर्चित अश्लील वीडियो कांड में पुलिस विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए एक अधिकारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। मुख्य आरोपी अयान अहमद के जन्मदिन का वीडियो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई। वीडियो में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी सामने आने पर पहले उन्हें कंट्रोल अटैच किया गया था, जिसके बाद अब सस्पेंशन की कार्रवाई हुई है।


🔶 SIT जांच तेज, कई ठिकानों पर छानबीन……
मामले की जांच विशेष जांच दल (SIT) द्वारा की जा रही है, जिसने कार्रवाई तेज करते हुए आरोपी से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच टीम किराए के फ्लैट, कैफे और डैम तक पहुंची है, जहां आरोपी की गतिविधियों और संपर्कों की पड़ताल की जा रही है।
🔷 किराए के फ्लैट में शोषण का आरोप……
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अयान अहमद पीड़ित युवतियों को कठोरा रोड स्थित एक किराए के फ्लैट में ले जाकर उनका शोषण करता था। पुलिस ने फ्लैट का पंचनामा कर लिया है और फ्लैट मालिक से भी पूछताछ की जा रही है।
🔶 कैफे और डैम भी जांच के दायरे में……
जांच के दौरान उन सभी स्थानों को भी खंगाला गया है, जहां आरोपी पीड़िताओं से मिलता था। इनमें कैफे रॉयल 10, अचलपुर स्थित कैफे फ्रेंड्स टाउन और परतवाड़ा का बंद हो चुका कैफे सोशल जंक्शन शामिल हैं। इसके अलावा वझ्झर डैम परिसर में भी जांच की गई है, जहां एक पीड़िता से मुलाकात की पुष्टि हुई है।
🔷 सोशल मीडिया पर कार्रवाई…..
पुलिस ने अब तक 41 सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट कराए हैं, जिनके माध्यम से पीड़िताओं के फोटो और वीडियो वायरल किए गए थे। मामले में अब तक 10 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
🔶 राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान…..
मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की है। पीड़िताओं की पहचान गोपनीय रखते हुए उन्हें आगे आकर बयान देने की अपील की गई है।
पुलिस का पक्ष…..
पुलिस प्रशासन का कहना है कि वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी सामने आने के बाद तत्काल सस्पेंशन की कार्रवाई की गई है, ताकि जांच की निष्पक्षता बनी रहे और आमजन का विश्वास कायम रखा जा सके।

