जमशेदपुर : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने राज्य की प्रत्येक पंचायत में रोजगार सृजन को बढ़ावा देने और लंबित आवासों का निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक समय पर पहुंचना चाहिए। इसके लिए लंबित आवासों की लाभुकवार निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्माण कार्यों में होने वाली देरी को दूर कर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवासों को पूरा किया जा सके।
बैठक में मजदूरी एवं सामग्री मद में लंबित भुगतानों का समय पर निष्पादन करने तथा जियो टैगिंग से संबंधित कार्यों में तेजी लाने का भी निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री ने योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर बल दिया। मुख्यमंत्री का जोर इस बात पर रहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ें, आवास निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीण परिवारों तक पहुंचे।


