वित्त एवं लेखांकन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन का मिलेगा अवसर, प्रतिवर्ष पांच विशिष्ट छात्रवृत्तियों का भी प्रावधान
जमशेदपुर : नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय (NSU), जमशेदपुर ने अमेरिका के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट अकाउंटेंट्स (IMA) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का उद्देश्य विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के व्यावसायिक प्रमाणन, शैक्षणिक सहयोग और वित्त एवं लेखांकन के क्षेत्र में बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराना है।

समझौते के तहत विद्यार्थियों को CMA, FMAA और CSCA जैसे व्यावसायिक प्रमाणन कार्यक्रमों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त, पात्रता मानदंडों के अधीन प्रतिवर्ष अधिकतम पांच विशिष्ट छात्रवृत्तियों का प्रावधान किया गया है। विद्यार्थियों को व्यावसायिक जागरूकता कार्यक्रमों, सेमिनार और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर भी मिलेगा. इस समझौते को विद्यार्थियों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने और उन्हें वैश्विक रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
समझौता हस्ताक्षर के दौरान विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणि और डीन, प्रशासन डॉ. राकेश कुमार उपस्थित रहे। वहीं, IMA की ओर से हेड-कॉर्पोरेट रिलेशंस (इंडिया) श्रीमती अंशुल प्रिया तथा रिलेशनशिप डेवलपमेंट-सेंट्रल ईस्ट इंडिया के सौरभ सिंह ने प्रतिनिधित्व किया. इस साझेदारी से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक मानकों की समझ विकसित करने और वित्त एवं प्रबंधन के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं को विस्तार देने में मदद मिलने की उम्मीद है।
