जमशेदपुर : गर्मियों की छुट्टियों में वंचित बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने के उद्देश्य से आज EYA Foundation, Jamshedpur द्वारा एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल की गई। संस्था की ओर से बालदेव बस्ती के 100 अंडरप्रिविलेज्ड (वंचित) बच्चों को टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (जू) का शैक्षणिक व मनोरंजक भ्रमण कराया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को समर वेकेशन के दौरान खुशी, मनोरंजन के साथ-साथ प्रकृति और वन्यजीवों से जुड़ी नई सीख प्रदान करना था।



बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं का रखा गया विशेष ध्यान
EYA Foundation द्वारा बच्चों के लिए बालदेव बस्ती से जू तक सुरक्षित रूप से ले जाने एवं वापस लाने के लिए बस की विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही, भीषण गर्मी को देखते हुए बच्चों के लिए फूड पैकेट्स, रिफ्रेशमेंट, एंट्री टिकट एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का पूरा प्रबंध संस्था और सहयोगकर्ताओं की मदद से किया गया था। जू भ्रमण के दौरान विभिन्न पशु-पक्षियों को करीब से देखकर बच्चे काफी रोमांचित और उत्साहित नजर आए।
मुख्य अतिथियों ने बढ़ाया बच्चों का हौसला
बच्चों का मनोबल बढ़ाने और उनका उत्साहवर्धन करने के लिए टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय एवं निदेशक नईम अख्तर विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने बच्चों से आत्मीय बातचीत की और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने व अच्छे कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
टाटा स्टील और टाटा स्टील फाउंडेशन का जताया आभार
EYA Foundation की ओर से टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क प्रबंधन एवं टाटा स्टील फाउंडेशन को इस सफल आयोजन के लिए विशेष धन्यवाद दिया गया, जिनके बेहतरीन समन्वय और सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
सामाजिक दायित्व निभा रहे टाटा स्टील के कर्मचारी संस्था के संस्थापक दीपक मिश्रा ने बताया कि :
“EYA Foundation के अधिकतर सदस्य टाटा स्टील के कर्मचारी हैं, जो अपने व्यस्त समय में से वक्त निकालकर सामाजिक दायित्व (CSR) को निभाते हैं। हमारे सदस्य लगातार समाजसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। संस्था भविष्य में भी हमेशा जरूरतमंद एवं वंचित बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने और उनके विकास के लिए कार्य करती रहेगी।”
इस पूरे भ्रमण कार्यक्रम के दौरान बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोपरि रखा गया, जिसमें EYA Foundation के कई सदस्य और वॉलंटियर्स मुस्तैद रहे।



