जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुद्वारा रोड स्थित कालीघाट के समीप से गुरुवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। स्थानीय निवासी अनंत वर्मा, सुनील आनंद, संतोष सिंह, राजू पाजी सहित अन्य लोगों ने बताया कि सुबह जब कुछ लोग घाट की ओर गए थे, तभी उनकी नजर पानी के किनारे संदिग्ध अवस्था में पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि उस व्यक्ति की मौत हो चुकी है।



स्थानीय नागरिकों द्वारा तुरंत इसकी सूचना मानगो थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। मृतक की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच आंकी जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।



