चाईबासा/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक महिला पर अपने डेढ़ माह के मासूम बच्चे को चलती ट्रेन से बाहर फेंकने का आरोप लगा है। घटना राजखरसावां और महालीमरूप स्टेशन के बीच की बताई जा रही है। घटना के बाद रेल ट्रैक किनारे नवजात का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन में सफर कर रही महिला अचानक विचलित हो गई और उसने गोद में मौजूद बच्चे को खिड़की से बाहर फेंक दिया। घटना के बाद डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने बताया कि महिला इसके बाद अपने करीब तीन वर्षीय दूसरे बच्चे को भी बाहर फेंकने का प्रयास करने लगी, लेकिन यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को बचा लिया।



घटना के बाद यात्रियों ने महिला और उसके पति को पकड़ लिया तथा अगले स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के हवाले कर दिया। आरपीएफ और जीआरपी दोनों मामले की जांच में जुटी हैं और महिला व उसके पति से पूछताछ कर रही हैं. महिला की पहचान पश्चिम सिंहभूम जिले के मझगांव निवासी मुद्रावती गोप के रूप में हुई है, जबकि उसके पति ने अपना नाम शाहबुद्दीन बताया है, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, करीब चार वर्ष पूर्व दोनों घर से भागकर साथ रहने लगे थे। उस समय महिला के परिजनों ने मझगांव थाना में अपहरण और शादी को लेकर मामला दर्ज कराया था।
सूत्रों के मुताबिक, हाल के दिनों में पुलिस की सक्रियता बढ़ने के बाद शाहबुद्दीन अपनी पत्नी और दोनों बच्चों को लेकर वापस मझगांव लौट रहा था। इसी दौरान ट्रेन में यह भयावह घटना हुई. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला ने ऐसी खौफनाक वारदात क्यों की।


