जमशेदपुर : शहर में चल रहे ट्रैफिक चेकिंग अभियान के दौरान मानगो ट्रैफिक थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक विवादित मामला सामने आया। नो-इंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने वाले एक ट्रक को ट्रैफिक पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद मौके पर हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने ट्रक को रोकने के बाद चालक साइड का गेट खोला और चालक से दूसरी ओर का दरवाजा खोलने को कहा। इसी दौरान चालक और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। चालक ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मारपीट भी की।



घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया। चालक का कहना है कि वह पुलिस कार्रवाई में सहयोग कर रहा था, इसके बावजूद उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। वहीं ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के आरोप में चालक पर 2000 रुपये का चालान भी किया गया।
हालांकि, मामले में ट्रैफिक पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि शहर में नो-इंट्री उल्लंघन को लेकर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है तथा पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिस और वाहन चालकों के बीच विवाद की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। फिलहाल, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब लोगों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।



