“चेशायर होम स्थित बड़े गोदाम में मची अफरा-तफरी, दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू”
रांची : झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार अहले सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रसिद्ध दून टेंट हाउस के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। घटना चेशायर होम स्थित दून टेंट हाउस के बड़े गोदाम में हुई, जहां टेंट, सजावट और कार्यक्रमों में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में सामान रखे गए थे. आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने गोदाम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा काफी सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी।



दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद पाया काबू……
सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। काफी देर तक चली मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका……
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, दून टेंट हाउस रांची का चर्चित टेंट व्यवसाय है और चेशायर होम स्थित इसका गोदाम शहर के बड़े गोदामों में गिना जाता है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



