रांची : झारखंड सरकार ने शनिवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 36 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। इस फेरबदल में कई जिलों के उपायुक्त बदले गए हैं, वहीं कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।



गढ़वा, देवघर और खूंटी को मिले नए उपायुक्त……
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार पवन कुमार मिश्रा को गढ़वा का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं सौरभ कुमार भुवानिया को देवघर का उपायुक्त बनाया गया है। इसके अलावा पलामू के डीडीसी जावेद हुसैन को खूंटी का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है. प्रशासनिक हलकों में इस बदलाव को सरकार की नई रणनीति और विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग से जोड़कर देखा जा रहा है।
कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार……
तबादले के साथ-साथ कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। राजीव रंजन, जो वर्तमान में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त हैं, उन्हें सुवर्णरेखा परियोजना का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. इसके अलावा जीशान कमर को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है, जबकि अंजली यादव को झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद का परीक्षा नियंत्रक नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर…….
देर रात जारी इस अधिसूचना के बाद प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि सरकार विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक नियंत्रण को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह बदलाव कर रही है। सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में कुछ अन्य विभागों में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
प्रमुख बदलाव एक नजर में……
गढ़वा : पवन कुमार मिश्रा बने नए डीसी
देवघर : सौरभ कुमार भुवानिया को मिली जिम्मेदारी
खूंटी : जावेद हुसैन बने नए उपायुक्त
राजीव रंजन को मिला अतिरिक्त प्रभार
कई विभागों में अधिकारियों की नई पोस्टिंग हुई



