जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में एक हिंदी लेखक के साथ गैरेज में दुर्व्यवहार, धमकी और कार पर पथराव का मामला सामने आया है। घटना को लेकर लेखक ने सिदगोड़ा थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. मिली जानकारी के अनुसार, लेखक अंशुमन भगत अपनी कार का एसी ठीक कराने के लिए बारीडीह गोलचक्कर स्थित एक कार गैरेज पहुंचे थे। आरोप है कि मरम्मत के दौरान गैरेज के मैकेनिक द्वारा वाहन के कुछ पार्ट्स क्षतिग्रस्त कर दिए गए। जब उन्होंने इसका विरोध करते हुए नुकसान की भरपाई करने की बात कही, तो गैरेज में मौजूद लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया. शिकायत में कहा गया है कि गैरेज संचालक ने शुरुआत में वाहन ठीक करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में पैसे लेने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। आरोप है कि इसके बाद गैरेज स्टाफ ने कुछ बाहरी लोगों को बुलाकर विवाद बढ़ा दिया।



लेखक के अनुसार, स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब कुछ लोगों ने उन पर पत्थर से हमला करने का प्रयास किया। उन्होंने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई। आरोप है कि जब वह कार लेकर वहां से जा रहे थे, तभी गैरेज स्टाफ और उसके साथियों ने वाहन पर पथराव कर दिया। घटना में कार के कई हिस्सों में डेंट आ गए और वाहन को नुकसान पहुंचा है. घटना के बाद पीड़ित ने सिदगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों एवं साहित्यिक समाज ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



