महाबलेश्वर : महाराष्ट्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल महाबलेश्वर से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। यहाँ रविवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर पोलादपुर-आंबेनळी घाट मार्ग पर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भयानक हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।



कार में सवार थे 8 लोग, 2 शव बरामद
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो कार में कुल 8 लोग सवार थे। हादसे की भयावहता को देखते हुए कार में मौजूद सभी लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और ट्रेकर्स की राहत-बचाव टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू टीम ने अब तक 2 शवों को खाई से बाहर निकाल लिया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही हैं भारी दिक्कतें
घाट क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति बेहद कठिन होने और रात के घने अंधेरे के कारण रेस्क्यू टीमों को राहत और बचाव कार्य चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने की वजह से वह सीधे गहरी खाई में समा गई। फिलहाल, पुलिस और स्थानीय प्रशासन हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की बारीकी से जांच कर रहा है।



