जमशेदपुर : सिदगोड़ा स्थित जेप-6 में कार्यरत मैगजीन गार्ड हवलदार दिनेश कुमार महतो (45) की ड्यूटी के दौरान सीढ़ी से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना सोमवार सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई. जानकारी के अनुसार दिनेश कुमार महतो हाल ही में 20 मई को एमएसआईएफएफ बैरक से जेप-6 में पदस्थापित होकर आए थे। सोमवार सुबह वह संत्री जांच ड्यूटी पर थे। पुलिस मेंस एसोसिएशन, जेप-6 शाखा के मंत्री विशाल महतो ने बताया कि दिनेश कुमार मैगजीन गार्ड की छत पर तैनात जवानों की जांच करने गए थे। जांच के बाद नीचे उतरने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे वह सीढ़ी से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और बेहोश हो गये।



घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद जवानों एवं अधिकारियों ने उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव धनबाद जिले के बलियापुर स्थित बोरसमुड़ी गांव ले जाया गया. सोमवार को जेप-6 परिसर में डीएसपी मंजु कश्यप समेत अन्य अधिकारियों, जवानों एवं पुलिस मेंस एसोसिएशन के सदस्यों ने दिवंगत हवलदार को सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। दिनेश कुमार महतो के बड़े भाई उमेश कुमार महतो रांची पुलिस में अवर निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वहीं गांव पहुंचते ही मातम का माहौल बन गया। उनकी पत्नी उषा देवी, एक पुत्र एवं एक पुत्री का रो-रोकर बुरा हाल है। विधायक चंद्रदेव महतो, प्रमुख पिंकी देवी, उप-प्रमुख आशा देवी समेत कई जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।
अप्रैल में भी हुई थी ऐसी ही घटना……
गौरतलब है कि इससे पहले 22 अप्रैल 2026 को भी जेप-6 परिसर में एक दर्दनाक हादसा हुआ था। बैरक की तीसरी मंजिल की छत से गिरने के कारण आरक्षी यशवंत कुमार सिंह की मौत हो गई थी। अगले दिन तड़के जवानों ने उनका शव जमीन पर पड़ा देखा था। सूचना मिलने पर अधिकारी एवं एसोसिएशन के सदस्य मौके पर पहुंचे थे। यशवंत कुमार सिंह पटना (पटलिपुत्र) के निवासी थे और वर्ष 2015 से जेप-6 में कार्यरत थे। घटना के बाद सिदगोड़ा थाना पुलिस ने मामले की जांच की थी।



