जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित हरि मंदिर के समीप एक सार्वजनिक आश्रम की जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि हाल ही में जेल से बाहर आए एक दबंग अमूल्य व्यक्ति द्वारा विवादित जमीन की जबरन घेराबंदी कर उसे बेचने की तैयारी में जुटा हुआ है। मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।



स्थानीय निवासियों के अनुसार संबंधित जमीन वर्षों से सार्वजनिक उपयोग तथा आश्रम से जुड़े धार्मिक और सामाजिक कार्यों के लिए इस्तेमाल होती रही है। लोगों का कहना है कि अब इस जमीन पर अवैध कब्जा कर उसकी खरीद-बिक्री की कोशिश की जा रही है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जमीन के दस्तावेजों की जांच करने तथा किसी भी प्रकार की अवैध बिक्री और कब्जे की कोशिश पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।
बताया जा रहा है कि इसी जमीन विवाद से जुड़े मामले में अधिवक्ता प्रकाश यादव भी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। कुछ समय पूर्व उनकी हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद से यह मामला और अधिक संवेदनशील बन गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
बिरसानगर थाना प्रभारी से जब इस मामले पर पूछा गया तो उन्होंने कहा इस विषय में मुझे कोई जानकारी नहीं है. और न ही इस मामले से संबंधित मेरे पास कोई आवेदन आया है।



