जादूगोड़ा : जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के धोबनी गांव के समीप एक दिन की नवजात बच्ची को झाड़ियों में फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी है। मासूम बच्ची को झाड़ियों के बीच लावारिस हालत में पड़े देख ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया।



जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास झाड़ियों से नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनी। आवाज सुनकर जब लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक मासूम बच्ची झाड़ियों के बीच पड़ी हुई है। बच्ची को देखते ही ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और घटना की सूचना तत्काल जादूगोड़ा थाना पुलिस को दी।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने कड़ी नाराजगी जतायी और बच्ची को इस हालत में छोड़ने वाली मां को जमकर कोसा। लोगों का कहना था कि आखिर उस मासूम का क्या कसूर था, जिसे जन्म लेते ही इस तरह मौत के मुंह में छोड़ दिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात बच्ची को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है तथा बच्ची को छोड़ने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।



