जमशेदपुर : साकची स्थित अशोका होटल में कार्यरत एक रसोइये की शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बक्शीपाड़ा निवासी 36 वर्षीय अप्पू प्रमाणिक के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से होटल में बतौर कुक कार्यरत था।



प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह होटल के कर्मचारियों ने अप्पू प्रमाणिक को होटल के बाथरूम में अचेत अवस्था में पड़ा देखा। घटना की सूचना तत्काल होटल प्रबंधन एवं पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जाता है कि अप्पू प्रमाणिक पिछले कुछ महीनों से पीलिया से पीड़ित था तथा उसका इलाज भी चल रहा था। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बीमारी के कारण उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई होगी। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



