जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित कुंजनगर के अंबेडकर पथ (धोबी लाइन) में शनिवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान की चौथी मंजिल पर भीषण आग लग गई। यह आग संतोष कुमार के मकान में लगी, जिससे लाखों रुपये मूल्य की घरेलू संपत्ति जलकर पूरी तरह खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते घर के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए।



🔹 पूजा के दीपक या फ्रिज से भड़की आग!
घटना रात करीब 10:00 से 10:30 बजे के बीच की है। परिजनों के मुताबिक, घर के मंदिर में पूजा के दौरान दीपक जलाया गया था, जिसकी लौ से आसपास के सामान ने आग पकड़ ली। वहीं, कुछ स्थानीय लोगों का अनुमान है कि सबसे पहले फ्रिज में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
🔹 टाटा स्टील की दमकल गाड़ियों ने 2 घंटे में पाया काबू
आग की भयावहता को देख स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। मौके पर टाटा स्टील के दमकल विभाग की दो गाड़ियां पहुंचीं। संकरी गली और ऊंचाई होने के बावजूद दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। तब तक कमरे में रखा टीवी, कीमती फर्नीचर, खिड़कियां और अन्य सारा सामान जलकर राख हो चुका था। फिलहाल, पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हैं।



